- पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने लगाए आरोप
byBejod Ratna-
0
फरवरी में रेलवे अधिकारी ने हादसे के लिए चेता दिया था लापरवाही की और 300 लोगों की जान चली गई
भोपाल। पिछले कुछ सालों में ट्रेनों के मेंटेनेंस पर होने वाला बजट लगातार कम किया जा रहा है और अमीरों के लिए बुलेट ट्रेनें लाई जा रही हैं। इसीलिए देशभर में ट्रेनों के पटरियों से उतरने के मामले बढ़े हैं। बालासोर ट्रेन हादसा भी इसी वजह से हुआ है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने इंदौर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि अभी की सरकार हर नीति अमीरों को ध्यान में रखकर बनाती है। ट्रेनों में सुरक्षा सिस्टम डवलप करने के लिए लगातार लापरवाही की जा रही है।
दिग्विजय ने कहा कि फरवरी में ही एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने इंटरलॉकिंग सिस्टम के लिए चेता दिया था। उसने रिपोर्ट में बताया था कि इसमें गड़बड़ी की वजह से एक रेल हादसा टल गया है। यदि समय पर ड्राइवर समझदारी नहीं दिखाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उस अधिकारी की रिपोर्ट पर भी ध्यान नहीं दिया गया और अब ये हादसा हो गया। दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 150 से ज्यादा सीटें जीतेगी। हमारी जीत का आधार केवल पोलिंग बूथ है। हम लोग जब तक इमानदारी से पोलिंग बूथ एजेंट, सेक्टर की समितियां, मंडलम की समितियां गठन नहीं कर लेते और हर मतदाता तक नहीं पहुंचते, जब तक जीत नहीं पाएंगे। मंडलम सेक्टर और बीएलओ हर मतदाता तक अपनी पहुंच बनाएं। लोगों को बताएं कि कमलनाथजी की अल्प समय की सरकार में किस तरह किसानों का कर्जा माफ हुआ। कांग्रेस पार्टी क्या-क्या योजनाएं लेकर चुनाव लड़ रही है, यह सब बताने का काम आप लोगों का है। दिग्विजय ने यह भी दावा किया जब जिले में आया तो जगह-जगह कांग्रेस के उम्मीदवार स्वागत करने के लिए खड़े थे। इसलिए देर हो गई। इससे यह पता चलता है कि इस बार कांग्रेस के पक्ष में माहौल है।
गरीब और गरीब होता जा रहा
देश में गरीब और गरीब हो रहा है और अमीर और अमीर होता जा रहा है। जब मैं मुख्यमंत्री था तब रुचि सोया के मालिक कैलाश शाहरा मुझे अडानी से मिलाने ले गए थे। कुछ साल के बाद अडानी ने उनकी कंपनी ही खरीद ली। बाबा रामदेव की पतंजलि तो सिर्फ फ्रंट फेस है, असली मालिक तो अडानी ही हैं। अडानी की कंपनी आटा, तेल जैसी हर छोटी कंपनी खरीद रही है ताकि जरूरत के पूरे बाजार पर उसका कब्जा हो जाए। दूसरी तरफ सरकार खुला सामान बेचने पर प्रतिबंध लगा रही है ताकि आप पैकेट का सामान खरीदें और जितने में कंपनी बेच रही है उतने में ही खरीदें।
मोदी को फोटो खिंचवाने की बीमारी
दिग्विजय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मेंगलोमेनिया बीमारी है जिसमें इंसान प्रचार के लिए पागल रहता है। वह हर फोटो में सिर्फ खुद को ही देखना चाहते हैं। इसके अलावा देश की अन्य समस्याओं पर उनका ध्यान नहीं है।
कांग्रेस के पक्ष में है माहौल
दिग्विजय सिंह ने कहा कि 20 साल में कांग्रेस ने साल 1993 से 2003 तक सुविधाएं दी, वह शिवराज जी ने वापस ले ली। हमने पंचायती राज दिया, बिजली परियोजनाएं बनाई, बेरोजगारी भत्ता दिया सब खत्म हो गया। उस समय 28 प्रतिशत राशि हमें केंद्र से मिलती थी। मनमोहन सिंह सरकार आई तो 42 प्रतिशत कर दिया। पूरे समय भाजपा ने भ्रष्टाचार को नया स्वरूप दे दिया। हर चीज में कमीशन है। हर चीज में व्यवसाय बना लिया। भृष्टाचार में सरकार डूबी हुई है। डंपर कांड से लेकर व्यापमं कांड तक हुआ। कांग्रेस के समय में हमने सारंगपुर में शिक्षाकर्मी के तौर पर, आंगनवाड़ी में सेंकड़ों नौकरियां दी। भाजपा में बिना पैसे दिए एक भी नौकरी नहीं मिली। उनके मंत्री को जेल जाना पड़ा। सही जांच हो तो शिवराजसिंह चौहान को भी जेल जाना पड़ेगा।