- लखनऊ शहर का अजीब मोहल्ला, पता पूछने पर लगता है 50 रुपये जुर्माना
byBejod Ratna-
0
लखनऊ। लखनऊ में एक ऐसा मोहल्ला है जहां अजीबोगरीब नियम लागू किया गया है। यदि आप किसी से पता पूछते हैं तो आपके ऊपर 50 रुपये का जुर्माना लग जाएगा। आपको पता तभी बताया जाएगा जब आप पता बताने वाले को 50 रुपये देंगे। लखनऊ के सआदतगंज के बीबीगंज मोहल्ले के लोग पता पूछने वाले से 50 रुपये लेते हैं। असल में मामला यह है कि इसी इलाके में एक घर मशहूर पंडित बुद्धराम का है, जिनके पास देश भर से लोग अपनी परेशानियों को लेकर आते हैं।
लोगों ने बताया कि पंडित बुद्धराम के जाने वाले लोगों से 200 रुपए फीस लेते हैं और मनचाही चीज पाने के लिए उपाय बताते हैं। वह धीरे-धीरे इतना मशहूर हो गए कि लोगों उनके यहां लोगों का तांता लगा रहता है। इतना मशहूर होने के बाद भी पंडित जी ने अपना कोई बोर्ड कहीं पर भी नहीं लगाया है, जिससे लोगों को जानकारी हो सके। यही वजह है कि लोग उनके घर का सही पता पूछने के लिए उन्हीं के इलाके के आसपास के घरों का दरवाजा खटखटाते हैं।
यह सिलसिला कई सालों से चल रहा है, इसलिए अब मोहल्ले के लोगों ने परेशान होकर अपने घर के बाहर एक नोटिस लगा दिया है जिस पर लिख दिया है कि पंडित बुद्धराम का घर और समय पूछने के 50 रुपये दें। इस तरह का नोटिस इस इलाके में ज्यादातर घरों पर लगा है।
इस इलाके में कुछ लोग ऐसे हैं जिन्होंने अपने घर के बाहर नोटिस लगा रखी है और पता पूछने वालों से 50 रुपये लेते हैं जबकि कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने कोई नोटिस नहीं लगाया है, लेकिन अगर किसी ने उनका दरवाजा खटखटा दिया तो वो पता और पंडित जी के बैठने का समय तभी बताते हैं, जब सामने वाला उन्हें 50 रुपये देता है।
जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय कमला बताती हैं कि पंडित बुद्धराम का घर उनके घर के ठीक सामने हैं। ऐसे में कई सालों से पंडित बुद्धराम का घर और समय पूछने के लिए 80 फीसदी लोग उन्हीं का दरवाजा खटखटाते हैं। कुछ लोग तो ऐसे भी हैं जो घर के अंदर तक चले आते हैं। ऐसे में लोगों से परेशान होकर उन्होंने अपने घर के बाहर 50 रुपये देने का नोटिस लगाया ताकि लोग रुपये देने के डर से उनका दरवाजा न खटखटायें।