- कई महीनों से नहीं मिली जननी सुरक्षा योजना की राशि
byBejod Ratna-
0
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत
भोपाल । प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण जननी सुरक्षा योजना की राशि महीनों से महिलाओं को नहीं मिली है। महिलाओं द्वारा बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद परेशान होकर इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन तक पर कर दी है। इसके बाद योजना के तहत दी जाने वाली सहायता राशि देने की तैयारी की जा रही है।
विभागीय जानकारी अनुसार संस्थागत डिलीवरी करवाने वाली महिलाओं को सरकार द्वारा जननी सुरक्षा योजना के तहत सहायता राशि प्रदान की जाती है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण महिलाओं को राशि नहीं मिल पाई है। ये महिलाएं बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट-काटकर परेशान हो गईं। इसके बाद भी राशि नहीं मिली तो कुछ ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवा दी। इसके बाद अधिकारी अब महिलाओं के आवेदनों में कमियां निकालने में जुट गए हैं।
पहले भी कई बार आ चुकी हैं शिकायतें ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इसके पहले भी जननी सुरक्षा योजना के तहत दी जाने वाली राशि में लापरवाही बरतने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। इसके बाद भी कभी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई। इस बार मामला सीएम हेल्पलाइन तक पहुंचने के बाद देखते हैं अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाती है या सिर्फ राशि देकर मामले को ठंडा कर दिया जाता है।