- पूर्व मंत्री उमंग सिंघार ने हनुमानजी को बताया आदिवासी
byBejod Ratna-
0
कांग्रेस नेता ने कहा- भगवान राम को आदिवासियों ने पहुंचाया लंका; किताबों में गलत लिखा
भोपाल । पूर्व मंत्री और गंधवानी विधायक उमंग सिंघार ने कहा हनुमानजी आदिवासी थे। भगवान राम को लंका तक पहुंचाने वाले वानर नहीं, आदिवासी थे। किताबों में गलत लिख दिया है। हम सब आदिवासी भी हनुमानजी, बिरसा मुंडा और टंट्या मामा के वंशज हैं।
कांग्रेस नेता उमंग सिंघार धार जिले के बाग में भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार आदिवासी विरोधी सरकार है। मैं आदिवासी क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क नहीं होने की बात करता हूं तो सरकार मेरे खिलाफ खड़ी हो जाती है। मैं आदिवासियों की लड़ाई लडऩे में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। सिंघार ने कहा- कुछ लोगों ने कहानियों में लिख दिया कि भगवान राम को लंका तक पहुंचाने वाली वानर सेना थी।
वानर सेना नहीं थी, सब आदिवासी थे, जो जंगल में रहते थे। बेर खिलाने रामजी के लिए आ गए, लेकिन जब लंका की बात आई तो उसमें वानर सेना आ गई। आदिवासी गायब हो गए, जो कहानी लिखने वाले हैं वह घुमाते हैं। मैं तो कहता हूं कि हनुमानजी भी आदिवासी हैं। हम उनके वंशज हैं। गर्व से कहो हम आदिवासी हैं।
टांडा से बाग तक निकाली बाइक रैली
बाग में विधायक उमंग सिंघार ने बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर समर्थकों के साथ दोपहिया वाहन रैली निकाली। इसके साथ ही उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में चुनावी अभियान की शुरुआत भी कर दी। विधायक उमंग सिंघार ने बाग के पाडल्या तिराहे पर स्थित टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। ग्राम टांडा से बाइक चलाकर बाग पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।