- माफिया अतीक के करीबी बिल्डर मोहम्मद मुस्लिम की संपत्ति पर चलेगा बुलडोर, सील होंगे अवैध निर्माण
byBejod Ratna-
0
प्रयागराज । प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने माफिया अतीक अहमद के करीबी बिल्डर मोहम्मद मुस्लिम के कई अवैध निर्माणों को सील करने की तैयारी शुरू कर दी है। दो पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी होने की संभावना है। एक सप्ताह के भीतर अवैध निर्माण को सील करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार 6 स्थानों पर इस बिल्डर ने मानचित्र के विपरीत निर्माण कराया है। पीडीए की ओर से इसको कंपलीशन कराने के लिए नोटिस भी भेजा जा चुका है। मो. मुस्लिम माफिया अतीक अहमद गिरोह के सक्रिय सदस्यों में से एक है। इसके खिलाफ शहर के कई थानों में एफआईआर भी दर्ज है।
बिल्डर मो. मुस्लिम ने माफिया की दबंगई के बल पर शहर के अलग-अलग स्थानों पर विवादित जमीनों पर अपार्टमेंट तैयार कर उसे मनमाने तरीके से बेच दिया है। सिविल लाइंस, खुल्दाबाद, अटाला, करेली, मानसरोवर, जीरो रोड, धूमनगंज, सुलेमसराय सहित कई स्थानों पर अवैध निर्माण कराए हैं।
पीडीए सचिव अजीत सिंह का कहना है कि नियम के विपरीत अगर निर्माण किया गया है तो कार्रवाई की जाएगी। मो. मुस्लिम के अवैध निर्माण पर लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से कुछ दिन पहले कार्रवाई की जा चुकी है। उसी तर्ज पर प्रयागराज में भी कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। कार्रवाई करने से माफिया अतीक अहमद के गिरोह को बड़ा संदेश भी पहुंचेगा।