नई दिल्ली। डीयू ने अभी कामन सीट अलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) पोर्टल पर पंजीकरण के लिए कोई आखिरी तिथि जारी नहीं की है। छात्रों के पास अभी काफी समय है। वे पहले पंजीकरण कराएं और उसके बाद कालेज व कोर्स में जो विकल्प भरना चाहते हैं, उन पर विचार कर लें। उनके पास अभी विकल्प खुले हैं।
अगर विकल्प चुनते वक्त जल्दबाजी करेंगे तो उन्हें मनचाहा कालेज मिलने में परेशानी होगी। यह सुझाव श्रीराम कालेज आफ कामर्स के प्रो. हरेंद्र नाथ तिवारी ने छात्रों को दिए। सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) और दिल्ली विश्वविद्यालय में चल रही प्रवेश प्रक्रिया पर आयोजित जागरण विमर्श में बोल रहे थे। प्रो. तिवारी ने कहा, छात्र तीन से चार कालेज का विकल्प चुन सकते हैं। उन्हें वरीयता देते वक्त ध्यान रखना चाहिए कि वे उसी कालेज में दाखिला लेना चाहते हैं। हालांकि, अपग्रेड का विकल्प भी बाद में उनके पास होगा, लेकिन उस स्थिति में संबंधित कालेज में सीट का खाली होना जरूरी होगा।
