भोपाल। बवंडर आने के कारण प्रदेश के खरगोन जिले में एक शादी समारोह में विघ्न पैदा हो गया। बवंडर के कारण शादी समारोह में भगदड मच गई और टेंट उड गया। मेहमानों के लिए बनाया गया खाना भी खराब हो गया। लोग इधर-उधर सुरक्षित स्थान की तलाश करते नजर आए।मामला झिरन्या विकासखंड के पुतला गांव का है।
यहां के निवासी भूरा की बेटी गीता का विवाह मांडवी निवासी सुभान सिंह के बेटे से होनी थी। गत 31 मई को विवाह होना था।शादी का समारोह गांव के एक खेत में आयोजित किया गया था। यहां बरातियों और घरातियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। बाकायदा टेंट लगाकर अन्य इंतजाम किए गए थे।
शादी की रस्में चल ही रही थीं कि अचानक मौसम ने करवट ली और बवंडर आ गया। उस समय लोग खेत में भोजन करने में व्यस्त थे। बवंडर से खेत में लगा टेंट उखड़कर 500 फीट हवा में उड़ गया। इसके साथ ही जमीन पर बिछाई गई चादरें, चटाई और अन्य सामान भी इधरउधर उड़ता नजर आया।बवंडर की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए। हालत यह थी कि खाना धूल से खराब हो चुका था और कई बरातियों को बिना भोजन किए ही अपने घर लौटना पड़ा।

