- UP Board के सिलेबस में अहम बदलाव, सावरकर समेत 50 महापुरुषों की जीवन गाथा पढ़ेंगे छात्र, पास होना भी अनिवार्य
byBejod Ratna-
0
लखनऊ। यूपी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने अपने पाठ्यक्रम में एक अहम बदलाव किया है। बोर्ड के स्टूडेंट्स अब विनायक दामोदर सावरकर समेत 50 महापुरुषों की जीवनी पढ़ेंगे। स्टूडेंट्स पंडित दीनदयाल उपाध्याय, महावीर जैन, भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय, अरविंद घोष, राजा राममोहन राय, सरोजनी नायडू और नाना साहब की जीवनी भी पढ़ेंगे। इन नामों पर यूपी बोर्ड में लंबे समय से कवायद चल रही थी। विशेषज्ञों की ओर से महापुरुषों के नाम की सूची शासन को भेजी गई थी, जिस पर अब शासन की भी मुहर लग गई है।
नैतिक योग खेल एवं शारीरिक शिक्षा विषय में भी इन महापुरुषों की जीवनी शामिल की गई है। इन महापुरुषों की जीवनी जुलाई से स्कूलों में शुरू होने वाली पाठ्यक्रम में शामिल होगी। यह विषय सभी विद्यालयों के लिए अनिवार्य है। छात्र छात्राओं को इस विषय में पास होना अनिवार्य है। हालांकि इसके अंक हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के अंकपत्र में शामिल नहीं होंगे। यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर पाठ्यक्रम में इन महापुरुषों के नाम शामिल करते हुए उसे जारी कर दिया गया है।
यूपी बोर्ड के 27 हजार से ज्यादा राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक के एक करोड़ से ज्यादा छात्र छात्राएं इन महापुरुषों की जीवनी पढ़ेंगे। कक्षा नौ के छात्र चंद्र शेखर आजाद, बिरसा मुंडा, बेगम हजरत महल, वीर कुंवर सिंह, ईश्वर चंद्र विद्यासागर, गौतम बुद्ध, ज्योतिबा फुले, छत्रपति शिवाजी,विनायक दामोदर सावरकर, विनोबा भावे, श्रीनिवास रामानुजन और जगदीश चंद्र बोस की जीवनी पढ़ेंगे। कक्षा 10 के छात्र मंगल पांडेय, रोशन सिंह, सुखदेव, लोकमान्य तिलक, गोपाल कृष्ण गोखले, महात्मा गांधी, खुदीराम बोस और स्वामी विवेकानंद की जीवनी पढ़ेंगे।