लंदन। इंग्लैंड के ईस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में ब्रिटिश पंजाबी समुदाय के कबड्डी टूर्नामेंट में हुए ‘बड़े स्तर पर व्यवधान के बाद तीन लोग जख्मी हो गए हैं, जिसमें से एक की हालत गंभीर है। डर्बीशायर पुलिस ने बताया कि एल्वास्टन लेन इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दरअसल कबड्डी टूर्नामेंट के फुटेज सोशल मीडिया पर आए हैं
जिसमें मैदान में गोली चलने के बीच लोग दहशत में यहां वहां भाग रहे हैं। पुलिस ने कहा कि माना जा रहा है कि यह घटना दो प्रतिद्वंद्वी गिरोह की रंजिश का नतीजा है। प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से दावा किया कि एक व्यक्ति को कथित तौर पर उसे गोली मारने से पहले उस पर तलवार से बार-बार हमला किया गया।
पुलिस ने बताया कि एल्वास्टन लेन इलाके में दोपहर तीन बजकर 51 मिनट पर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी होने की सूचना मिली। बयान में कहा गया है, तीन लोग जख्मी हुए हैं जिनमें से एक की हालत गंभीर है। उन सभी को अस्पताल ले जाया गया है। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके पास घटना से संबंधित कोई जानकारी है तब वे उनसे साझा करें।
ये भी जानिए...................
इंग्लैंड कबड्डी फेडरेशन के टूर्नामेंट के लिए पूरे ब्रिटेन से विशेषज्ञ खिलाड़ी एक साथ आए थे। स्थानीय डर्बी टीम को ‘गुरु अर्जन देव गुरुद्वारा कबड्डी क्लब’ के नाम से जाना जाता है और वह 30 साल से ज्यादा वक्त से यह खेल खेल रही है। गुरु अर्जन देव गुरुद्वारा कबड्डी क्लब’ के उपाध्यक्ष कुल्ली छोकर ने टूर्नामेंट से पहले स्थानीय मीडिया से कहा, कबड्डी पारंपरिक रूप से भारतीय खेल है। अब यह निश्चित रूप से अंतरराष्ट्रीय खेल बन गया है।
