- मंजुरी रोड स्टेशन पर ट्रैक के बीच फंसा मिला बड़ा पत्थर
byBejod Ratna-
0
ओडिशा में एक और ट्रेन हादसा होते-होते टला
भुवनेश्वर। ओडिशा में विगत दिवस बालासोर ट्रेन हादसे को भुलाने से नहीं भुलाया जा सकता है। अब इसी तरह एक और ट्रेन हादसा फिर होने से टल गया। भद्रक जिले के मंजुरी रोड स्टेशन पर इंटरलॉक के बीच में एक बड़ा सा पत्थर फंस गया था। गनीमत रही कि एक रेल कर्मचारी ने समय रहते इसे देख लिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भद्रक जिले में भंडारीपोखरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंजुरी रोड स्टेशन पर इंटरलॉक के बीच में एक पत्थर फंस गया था। अगर यहां से ट्रेन गुजरती तो ओडिशा में एक और भयावह ट्रेन हादसा हो जाता। यहां मिला पत्थर एक ट्रेन को बेपटरी करने के लिए काफी था। रेलवे के एक कर्मचारी ने समय रहते इंटरलॉक में फंसे पत्थर को देख लिया और पत्थर को हटा दिया। रेल कर्मचारी की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
वहीं स्टेशन प्रबंधक ने मामले को लेकर आरपीएफ में शिकायत दर्ज कराई है। संपर्क किए जाने पर आरपीएफ इंस्पेक्टर दिलीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। रूप्सा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को भी एक ट्रेन हादसा होते-होते टल गया। रेल कर्मचारियों ने एक मालगाड़ी की बोगी से धुंआ निकलते देखा, जिसके बाद उसने तुरंत इसकी सूचना बालासोर दमकल विभाग को दी। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग को बुझाया। रेलवे मामले की जांच में जुट गई है।
उल्लेखनीय है कि बालासोर ट्रेन हादसे के बाद ओडिशा में कई ट्रेन हादसे टले। 2 जून की शाम को हुई ट्रिपल ट्रेन दुर्घटना में 288 लोग मारे गए और 1000 से अधिक लोग घायल हो गए थे। अभी भी ट्रेन हादसे का दंश लोग झेल रहे हैं। अभी भी हादसे के बाद कई लोग लापता हैं। घायल मानसिक अस्थिरता से गुजर रहे हैं।