वाराणसी । वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट के टॉयलेट में एक करोड़ रुपए का गोल्ड मिला। यहां किसी यात्री ने सोने के 16 बिस्किट को कमोड के पीछे छिपा दिया था। शुक्रवार सुबह जब सफाईकर्मी टॉयलेट की क्लीनिंग के लिए पहुंचा तो उसकी नजर पैकेट पर पड़ी। काले टेप से चारों तरफ से पैकेट चिपका हुआ था। सफाईकर्मी को लगा कि कोई संदिग्ध सामान है।
उसने तुरंत इसकी सूचना सुरक्षाकर्मियों और कस्टम विभाग को दी। टॉयलेट में संदिग्ध पैकेट मिलने से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने टॉयलेट में पब्लिक एंट्री बंद कर दी। उसको सुरक्षा घेरे में ले लिया। फिर टेप से सील पैकेट की स्कैनिंग की गई। इसके बाद पैकेट को खोला गया। पैकेट में गोल्ड के 16 बिस्किट मिले। इनका वजन 1866 ग्राम यानी करीब दो किलो है। कस्टम अफसरों के मुताबिक, इंटरनेशनल मार्केट में इसकी कीमत 1.1 करोड़ रुपए आंकी गई है।
बताया जा रहा है कि गोल्ड में विदेशी हॉलमार्क लगा है। बताया जा रहा है कि शारजाह से तस्करी करके इसको लाया गया है। हालांकि, किसने इसे यहां रखा। इसका पता नहीं चल पाया है। एयरपोर्ट अफसरों के मुताबिक, गुरुवार रात शारजाह से वाराणसी की फ्लाइट आईएक्स-184 की लैंडिंग हुई थी। विमान से क्रू मेंबर और यात्रियों का सामान एयरपोर्ट लाउंज में लाया गया। कस्टम की टीम ने यात्रियों की जांच की। स्कैनर में चेकिंग के दौरान एक यात्री के सामान पर बीप बजने के बाद उसका बैग खोला गया।
हालांकि, उसमें इलेक्ट्रानिक आइटम निकला। जांच में किसी के पास से कोई अवैध सामान नहीं मिला। यात्रियों की रवानगी के बाद वेटिंग लाउंज के टॉयलेट को क्लीन करने सफाईकर्मी पहुंचा। उसी दौरान टॉयलेट में गोल्ड का पैकेट मिला। सीआईएसएफ के कमांडेंट अजय कुमार ने बताया कि टॉयलेट में किसने सोने के बिस्किट को रखा है। यह अभी तक क्लीयर नहीं है। सीसीटीवी को देखा जा रहा है। हालांकि, कस्टम के अधिकारियों का अनुमान है कि कोई यात्री शारजाह से तस्करी करके गोल्ड लाया होगा। लेकिन, गेट पर टाइट चेकिंग देखकर उसने चुपचाप टॉयलेट में गोल्ड को छिपा दिया।