- नदी में हो रही थी शादी की रस्म, तभी मगरमच्छ ने कर दिया हमला, दूल्हे की बुआ को दबोचा फिर..
byBejod Ratna-
0
सोनभद्र। सोनभद्र के बभनी गांव में नदी में एक शादी की रस्म के दौरान मगरमच्छ के हमले में एक महिला गंभीर घायल हो गई। आनन-फानन में रिश्तेदारों ने सूझबूझ से महिला को मगरमछ से छुड़ाकर 108 एम्बुलेंस से घोरावल सीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि 3 सप्ताह पहले भी गांव के युवक रामा आसरे के पैर को नहाने के दौरान मगरमच्छ ने जकड़ लिया था, किसी तरह से उसकी जान बच गई थी।
जानकारी के अनुसार घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बभनी गांव निवासी रामबली के पुत्र का विवाह बुधवार को हुआ था। शुक्रवार को मांगलिक रस्म चौथी के लिए दोपहर में परिवार के लोग गांव के कठहवा नदी के किनारे गए हुए थे। स्नान के बाद महिलाएं बाहर निकल रही थी उसी दौरान नदी में मौजूद एक मगरमच्छ ने दूल्हे की बुआ शिवकुमारी पर हमला कर दिया। मगरमच्छ ने उनके दाहिने हाथ को अपनी चपेट में ले लिया था।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर पास में ही काम कर रहे मजदूरों व ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर मगरमच्छ के चंगुल से महिला को छुड़ाया गया। घायल महिला को 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी घोरावल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी वन कार्यालय को भी दी गई। वन क्षेत्राधिकारी सुरजू प्रसाद अस्पताल पहुंचे और महिला को प्राथमिक उपचार के लिए 1 हजार रुपये सहायता राशि दी। सरजू प्रसाद ने बताया कि महिला की हालत गंभीर है इस लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है।