नई दिल्ली । डोप जांच में असफल होने के कारण गोला फेंक खिलाड़ी करणवीर सिंह एशियाई एथलेटिक्स से बाहर हो गये हैं। एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 12-16 जुलाई के बीच बैंकाक में होगी। पटियाला में राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) में प्रशिक्षण लेने वाले करणवीर को इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप के लिए 54 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल किया गया था पर डोप जाने में पॉजिटिव पाये जाने पर बाहर हो गये।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के अध्यक्ष आदिल सुमरिवाला ने भी करणवीर के डोप जांच में विफल होने को सही बताया है। उन्होंने कहा, ‘‘हां, यह सही है। इस डोप जांच में हालांकि सही तारीख और प्रतिबंधित पदार्थ के नाम की जानकारी नहीं दी गयी है। करणवीर ने मई में फेडरेशन कप में 19.05 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता था, जबकि जून में राष्ट्रीय अंतर-राज्य चैंपियनशिप में 19.78 मीटर के प्रयास के साथ वह एशियाई रिकॉर्ड धारक तजिंदरपाल सिंह तूर के बाद दूसरे स्थान पर रहे थे।
वह मौजूदा सत्र की सूची में एशियाई खिलाड़ियों में छठे स्थान पर हैं। करणवीर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 20.10 मीटर है, जो उन्होंने पिछले साल राष्ट्रीय ओपन चैंपियनशिप में किया था। कारणवीर के बाहर होने के बाद अब तूर एशियाई चैंपियनशिप में पुरुषों की गोला फेंक स्पर्धा में अकेले भारतीय होंगे। वहीं भारतीय एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर ने कहा, ‘‘ तूर के पास स्वर्ण पदक जीतने का सुनहरा मौका है। तूर ने दोहा में चैंपियनशिप के 2019 सत्र में 20.22 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
ये भी जानिए...................
