मुंबई। साउथ से लेकर बॉलीवुड तक की फिल्मों में काम करने वाले अभिनेता प्रकाश राज को चंद्रयान-3 का मजाक बनाना महंगा पड़ गया। फिल्मों में दमदार अभियन के साथ ही अपनी बेबाक बयानी के लिए चर्चा में रहने वाले प्रकाश राज को सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल किया जा रहा है। प्रकाश राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया, जो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने चंद्रयान-3 और विक्रम लैंडर को लेकर एक कार्टून शेयर किया है।
देश में हर ओर जहां चंद्रयान 3 की सफलता को लेकर गर्व महसूस किया जा रहा है, वहीं लोगों को प्रकाश राज का इस तरह मजाक करना पसंद नहीं आया है। प्रकाश राज ने एक्स पर कार्टून पोस्ट किया है, जिसमें एक किरदार चाय के साथ नजर आ रहा है। उन्होंने इसके साथ कैप्शन में लिखा है, ब्रेकिंग न्यूज! ये देखिए विक्रम लैंडर से आई चांद की पहली झलक। वाउ।
प्रकाश ने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन कार्टून में चायवाले को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज मान रहे हैं। साथ ही चंद्रयान-3 का मजाक बनता देख इस राष्ट्र का अपमान कर रहे हैं। एक यूजर ने कॉमेंट कर लिखा है, किसी से इतनी भी नफरत मत कीजिए कि यह देश से नफरत की तरह दिखने लगे। एक अन्य ने कॉमेंट किया, आपका नाम प्रकाश है, लेकिन मतलब अंधकार है।
ये भी जानिए...................
एक तीसरे यूजर ने लिखा है, आपकी यह हालत देखकर दुख होता है। आप इतना नीचे गिर गए हैं...शर्म आती है कि आप एक देशवासी हैं... मुझे इसरो पर गर्व है...जय हिंद। चौथे यूजर ने प्रकाश राज को देशद्रोही तक कह दिया है। हालांकि, इस पोस्ट पर बहुत से यूजर प्रकाश राज के समर्थन में भी नजर आ रहे हैं। वैसे, यह पहली बार नहीं है जब प्रकाश राज ने ऐसा कोई विवादित ट्वीट किया है। इससे पहले भी वह देश में सत्तासीन बीजेपी और मोदी सरकार पर तंज कसते रहे हैं।