- कराने गए थे जीभ का ऑपरेशन डॉक्टर ने कर दिया खतना, डिप्टी सीएम ने दिए जांच के आदेश
byBejod Ratna-
0
बरेली। प्रदेश सरकार ने बरेली के एक निजी अस्पताल में तोतलेपन का इलाज कराने पहुंचे ढाई साल के एक बच्चे का खतना करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच के लिये एक टीम गठित कर दी है। उप्र के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक ट्वीट में लिखा, ‘बरेली जिले के एम.खान अस्पताल में बच्चे की जीभ का ऑपरेशन करने के बजाय खतना किये जाने संबंधी प्रकरण को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए मैंने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ स्वास्थ्य विभाग की एक टीम भेजकर जांच कराने का निर्देश दिया है।
उपमुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि शिकायत सही पाए जाने पर दोषी चिकित्सक के विरुद्ध मामला दर्ज कराने तथा उक्त अस्पताल का तत्काल प्रभाव से रजिस्ट्रेशन निरस्त करने समेत कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट 24 घंटों के अंदर उपलब्ध कराने के आदेश बरेली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिये गये हैं।
वहीं दूसरी ओर, बरेली के जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना के दिन ही तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन कर दिया गया था।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि एक परिवार अपने बच्चे के तोतलेपन का इलाज कराने के लिए उसे एम खान अस्पताल ले गया था। बच्चे के परिवार का आरोप है कि गत शुक्रवार को अस्पताल के चिकित्सकों ने बच्चे का इलाज करने के बजाय उसका खतना कर दिया।