- बेटी के प्रेम से नाराज पिता ने किया पिंडदान, प्रेमी के स्वजन ने दोनों की कराई शादी
byBejod Ratna-
0
फिरोजाबाद। अपनी शिक्षिका बेटी के प्रेम से नाराज पिता ने जिंदा रहते हुए ही उसका विधि-विधान से गंगा में पिंडदान कर दिया। बेटी घर छोड़कर चली गई। उधर प्रेमी के स्वजन ने विधि-विधान से शादी तय कर दी। इसकी जानकारी हुई तो पिता ने पिंडदान के लिए सोरों जाने के निमंत्रण पत्र छपवाकर रिश्तेदारों में बंटवाए और सोरों में पिंडदान भी कर दिया। मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बिजली विभाग में संविदा पर तैनात कर्मचारी की बेटी सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। वह पड़ोसी मुहल्ले के एक युवक से प्रेम करती है। दोनों शादी करना चाहते हैं, लेकिन दोनों के स्वजातीय न होने से युवती के स्वजन तैयार नहीं थे। इस बीच युवती 20 मई को प्रेमी संग घर से चली गई।
पिता ने जानकारी कर उसे ऊंच-नीच का हवाला देकर समझाया। मगर बेटी जिद पर अड़ी रही। पिता को यह भी जानकारी मिली कि दोनों ने किसी मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया है। बेटी के इस कदम से पिता टूट गए। उन्होंने उससे रिश्ते खत्म कर रविवार को उसका कासगंज के सोरों स्थित गंगा घाट पर विधिविधान से पिंडदान किया। इसके लिए त्रयोदशी संस्कार की ही तरह नगर में निमंत्रण पत्र बांटे गए। युवती के पिता के साथ स्वजन, रिश्तेदार और नगर के कुछ लोग सोरों गए थे।