- बंगाल में देशी बम विस्फोट में एक की मौत, तीन जख्मी
byBejod Ratna-
0
कांग्रेस और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शनिवार को देशी बम फटने से एक शख्स की मौत हो गई और तीन अन्य जख्मी हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अलीम शेख (26) विस्फोट में बुरी तरह से जख्मी हो गया था, उस अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट में जख्मी तीन अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शेख के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज थे और वह बेलडांगा के कपासडांगा गांव का रहने वाला था। एक अन्य घटना में, अधिकारियों ने बताया कि मुर्शिदाबाद के रानीनगर में तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के दौरान देसी बम विस्फोट में तीन लोग मामूली रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी दलों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने तृणमूल कांग्रेस पर आठ जुलाई को होने वाले पंचायत चुनाव से पहले दहशत फैलाने के लिए अपराधियों की मदद लेने का आरोप लगाया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि इन घटनाओं के पीछे विपक्षी दलों के उम्मीदवारों को डराने और उनके समर्थकों को वोट देने के लिए घर से निकलने से रोकने के वास्ते टीएमसी की बड़ी साजिश है। पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख व बहरमपुर से सांसद अधीर चौधरी ने कहा, टीएमसी की शरण पाए बदमाश ग्रामीण चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर अशांति फैलाने के लिए बम बना रहे हैं।
हमें पुलिस पर यकीन नहीं है, क्योंकि वे स्थानीय स्तर के टीएमसी के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं टीएमसी प्रदेश प्रवक्ता जॉय प्रकाश मजूमदार ने कहा कि 2011 में उनकी पार्टी के सत्ता में आने के बाद से ऐसी घटनाओं में जान जाने और लोगों के घायल होने की संख्या कम हुई है।
मजूमदार ने कहा कि बेलडांगा की घटना में टीएमसी की संलिप्तता साबित करने का कोई सबूत नहीं है और दावा किया कि विपक्षी दल सत्तारूढ़ पार्टी पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर अशांति पैदा करने को लेकर बम बनाने के लिए बदमाशों की मदद लेने और राज्य की छवि खराब करने का आरोप लगाया।