- अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्क, पीएम मोदी के खिलाफ प्रदर्शन का खतरा
byBejod Ratna-
0
वॉशिंगटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन व हमले का खतरा देखते हुए अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्कता बरत रही है। गौरतलब है कि पीएम मोदी इस समय अमेरिका की राजकीय यात्रा पर हैं। खबर है कि विरोधी समूहों को देखते हुए अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियां तत्पर हैं।
कहा जा रहा है कि इस साल मार्च में हुई घटना के कारण एजेंसियां अतिरिक्त सावधान हैं, जब खालिस्तानी समर्थक समूहों ने पंजाब में खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे के मुखिया अमृतपाल सिंह पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। पीएम मोदी को अमेरिका आने का न्योता खुद राष्ट्रपति जो बाइडन ने दिया था। अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे।
सूत्रों की मानें तो सुरक्षा एजेंसियों को सिर्फ विरोध प्रदर्शन ही नहीं बल्कि हमले का भी डर सता रहा है। अमेरिकी अधिकारी भी समझते हैं कि विरोध प्रदर्शनों से हिंसा हो सकती है। सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर इन समूहों के हमलों की वजह से सुरक्षा एजेंसियां खासतौर पर सतर्क हैं। खबर है कि अमेरिका के अधिकार समूह पीएम मोदी की यात्रा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की योजना बना रहे हैं।
हालांकि विशेषज्ञों को वॉशिंगटन की तरफ से नई दिल्ली की सार्वजनिक रूप से आलोचना की उम्मीद नहीं है। मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार, इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल, पीस एक्शन, वेटरन्स फॉर पीस और बेथेस्डा अफ्रीकन सिमेट्री गठबंधन की 22 जून को वाइट हाउस के पास इकट्ठा होने की योजना है, जहां पीएम मोदी जो बाइडन से मिलने वाले हैं। न्यूयॉर्क में एक अन्य कार्यक्रम की भी योजना है जिसमें हाउडी डेमोक्रेसी नामक एक शो दिखाया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं।